प्रबुद्ध भारत न्यूज़ नेटवर्क
ग्राउंड ज़ीरो से विशेष रिपोर्ट

गाजीपुर, 02 अगस्त।
गाजीपुर , गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ संकट को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो चुका है। इसी क्रम में आज जनपद के अपर जिला अधिकारी (एडीएम) एवं तहसीलदार ने अपने प्रशासनिक दल-बल के साथ करंडा ब्लॉक के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा किया और बाढ़ नियंत्रण उपायों की समीक्षा की।
इस निरीक्षण भ्रमण के दौरान अधिकारी द्वय ने सोकनी दीनापुर क्षेत्र का विशेष रूप से निरीक्षण किया। यहाँ दीनापुर कम्पोजिट विद्यालय के पास बनाए गए आदर्श बाढ़ शरणालय स्थल पर पहुंचकर उन्होंने वहां की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय मौके पर उपस्थित क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यक्ति जो लहुरी काशी में धार्मिक चेतना को आगे बढ़ाने वाले एवं दिव्य लोक आश्रम ट्रस्ट के ट्रस्टी सचिव राजेश चौबे ने अधिकारियों से यह जानना चाहा कि अब तक किन-किन क्षेत्रों का भ्रमण किया गया है। इस पर एडीएम द्वारा बताया गया कि प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया जा चुका है और तुलसीपुर दीनापुर स्थित त्रिकालदर्शी अंतर्यामी प्रभु श्री शिवपूजन बाबा जी के दिव्य लोक आश्रम जैसे महत्वपूर्ण स्थलों का भी शीघ्र ही दौरा किया जाएगा।
एडीएम ने राजेश चौबे एवं उपस्थित ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जो क्षेत्र भ्रमण से वंचित रह गए हैं, वहां भी जल्द ही टीम पहुंचकर हालात की समीक्षा करेगी। साथ ही, नव आदान, राहत सामग्री वितरण एवं बाढ़ नियंत्रण से जुड़ी सरकारी योजनाओं को तत्परता से लागू किया जाएगा, ताकि किसी भी संभावित आपदा से पूर्व प्रभावी कदम उठाया जा सके।
दिव्य लोक आश्रम क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की और आशा जताई कि आने वाले दिनों में आश्रम क्षेत्र को भी सुरक्षा एवं राहत योजनाओं में प्राथमिकता मिलेगी।
इस निरीक्षण भ्रमण की ग्राउंड रिपोर्ट तैयार की है:
प्रबुद्ध भारत न्यूज़ नेटवर्क
मुख्य संपादक: के. एन. शर्मा
सह संपादक: रजत श्रीवास्तव
(ग्राउंड जीरो से रिपोर्ट)

